माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) से अभद्रता के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। टीएसआई देवेन्द्र सिंह ने केस दर्ज कराया है कि 6 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे वह परी चौक गोल चक्कर पर तैनात थे। इस दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक सवार होकर पहुंचे। जिसकी आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। टीएसआई ने बाइक रोककर ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी की आरसी मांगी। जिसे दिखाने से चालक ने इनकार कर दिया। जब बाइक के चेसिस नंबर से जांच की गई तो पाया गया कि वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र भी समाप्त हो चुका है। इसके बाद टीएसआई द्वारा बाइक को सीज कर लिया गया।
वाहन जब्त होते ही बाइक सवार युवक ने गुस्से में टीएसआई से अभद्रता शुरू कर दी और धमकी देते हुए कहा कि अभी तुझे देख लूंगा। इसके करीब आधे घंटे बाद 6 से 7 लोग मौके पर पहुंचे। जिनमें गांव नायना सलेमपुर का चन्द्रहास भाटी और राजेश पंडित सहित कुछ अन्य शामिल थे। सभी ने टीएसआई के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकी दी कि तेरी नौकरी खा जाउंगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।