- नोएडा के कई सेक्टरों में नहीं विकसित हुईं व्यावसायिक सुविधाएं, कहीं दुकानें तैयार तो कहीं आवंटन प्रक्रिया अधूरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के कई सेक्टरों में हजारों परिवार रहने लगे हैं, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार उपलब्ध नहीं हैं। कहीं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित नहीं हुए तो कहीं दुकानें तैयार होने के बावजूद आवंटन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। ऐसे में लोगों को दूध, सब्जी और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए दूसरे सेक्टरों की मार्केट जाना पड़ता है।
सेक्टर-122 के आरडब्ल्यूए महासचिव नितिन चौहान ने बताया कि यहां 2004 में प्लॉटिंग हुई थी और 2007 से लोग रहने लगे थे। वर्तमान में करीब 1200 परिवार रहते हैं, लेकिन अब तक मार्केट विकसित नहीं हुई। सेक्टर-82 के मधुबन अपार्टमेंट में 800 से अधिक परिवार हैं। यहां पांच साल पहले दुकानें बन गई थीं, लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने से कारोबार शुरू नहीं हुआ।
सेक्टर-70 में 759 परिवार रहते हैं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित चौहान के मुताबिक, व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह होने के बावजूद दुकानें नहीं हैं। वहीं, सेक्टर-99 में करीब पांच हजार परिवारों को बाजार की सुविधा नहीं मिल रही है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा ने बताया कि खरीदारी के लिए लोगों को सेक्टर-46 या हाजीपुर मार्केट जाना पड़ता है। निवासियों ने सेक्टरों में जल्द बाजार विकसित करने की जरूरत बताई है।
-
हमारे सेक्टर में पांच साल से दुकानें नहीं खुली हैं, इसी कारण भंगेल की मार्केट पर निर्भर हैं, जो कि दूर है - रमेश यादव, मधुबन अपार्टमेंट
हमारे यहां अभी दुकानें तक नहीं बनीं जबकि हजारों परिवारों का यहां डेरा है, घर में कुछ कम पड़ जाए तो बिना गाड़ी निकाले सामान नहीं आ पाता - नितिन चौहान, सेक्टर-122
हमारे सेक्टर में पांच हजार परिवार हैं, लेकिन दुकान एक भी नहीं, इमरजेंसी में कुछ घट जाए तो या तो हाजीपुर जाना पड़ता है या फिर सेक्टर 46 - नरोत्तम शर्मा, सेक्टर-99
हमारा सेक्टर भी नया है, लेकिन तेजी से विकसित हो रहा है, यहां दुकानें अब तक विकसित नहीं हो सकी - अमित चौहान, सेक्टर-70