मुरादाबाद। बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में हजारों बच्चों और खिलाड़ियों ने अनुशासन, आदर्श आचरण और स्वस्थ समाज निर्माण की शपथ ली। सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम से लेकर विभिन्न स्कूलों और खेल अकादमियों में बच्चों ने संयुक्त रूप से शपथ ग्रहण की। क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार ने स्टेडियम में खिलाड़ियों को शपथ दिलाने के साथ प्रेरक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और खेल उनके व्यक्तित्व को निखारने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए बच्चे न केवल खेलों में आगे बढ़ें बल्कि समाज में अनुशासन और सम्मान की भावना को भी मजबूत बनाएं। शपथ ग्रहण के दौरान खिलाड़ियों ने यह वचन दिया कि वह खेलों के प्रचार-प्रसार में योगदान देंगे और अपने आचरण से समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।पारकर इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, क्रिप्टन पब्लिक स्कूल और डिप्टी जगन्नाथ शिशु वाटिका स्कूल में आयोजित विशेष असेंबली में छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में शपथ दोहराई। कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया गया और यह समझाया गया कि अनुशासन और आदर्श व्यवहार न केवल विद्यालय में बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आवश्यक है। शिक्षकों व प्रधानाचार्यों ने बच्चों से कहा कि सोशल मीडिया के उपयोग में सावधानी जरूरी है और इसे केवल जानकारी और शिक्षा के उद्देश्य से ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
इसके अलावा शहर की खेल अकादमियों में भी बाल दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मॉडर्न एकेडमी, न्यू जनरेशन क्रिकेट एकेडमी, आरएसडी एकेडमी, अजीम पाशा स्पोर्ट्स एकेडमी और केजीके एकेडमी में खिलाड़ियों ने प्रशिक्षकों की उपस्थिति में शपथ ली। प्रशिक्षकों ने बताया कि खेल अनुशासन समयबद्धता और मानसिक मजबूती का सबसे बड़ा माध्यम है। शपथ में बच्चों ने स्वयं और दूसरों के लिए एक सुरक्षित व आदर्श वातावरण बनाने का संकल्प लिया। छात्रों ने हर परिस्थिति में स्त्रियों का सम्मान करने और किसी भी ऐसी गतिविधि का हिस्सा नहीं बनने का संकल्प लिया जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचे।
बच्चों ने यहां लिए शपथ
- सोनकपुर स्टेडियम, पारकर इंटर कॉलेज, डिप्टी जगन्नाथ सरस्वती शिशु वाटिका मंदिर, राजकीय इंटर कॉलेज, क्रिप्टन पब्लिक स्कूल, मॉडर्न एकेडमी, न्यू जनरेशन क्रिकेट एकेडमी, आरएसडी एकेडमी, अजीम पाशा स्पोर्ट्स एकेडमी और केजीके एकेडमी में करीब तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राओं व खिलाड़ियों ने शपथ ली।