पुन्हाना। जिले में कोविड-19 टीकाकरण का तीसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है । इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। फिलहाल ये टीके सरकारी तौर पर नूंह, पुन्हाना, अल-आफिया, फिरोजपुर झिरका, तावडू सीएचसी सेंटर पर लगाए जा रहे हैं। कोरोना का टीका सरकारी अस्पताल में मुफ्त व प्राइवेट अस्पतालों में 250 रुपये फीस देकर लगवाया जा सकता हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी बसंत दुबे ने बताया कि कोविड के टीकाकरण के पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मी, दूसरे चरण में फ्रंट लाइन अधिकारी व कर्मचारी जिनमें पुलिस, पंचायत और आर्मी आदि को टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी आदमी कोविड के पोर्टल पर ऑनलाइन जा कर रजिस्ट्रेशन करा सकता है। उन्होंने कहा कि ये टीका सरकारी अस्पतालों में फ्री तथा प्राईवेट अस्पतालों में 250 रुपये देकर लगवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि टीका लगवाने वाले सभी लोगों को अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है।
वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित
डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। जिले में कोई साइड इफैक्ट देखने में नहीं आए हैं। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से जाकर अपना टीकाकरण करवाया है। यही नहीं जिला के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजरानीया, सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र यादव व अन्य अधिकारियों ने भी कोविड-19 की वैक्सीन लगवाई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायती राज और पुलिस कर्मियों आदि ने भी टीकाकरण करवाया है और विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीकाकरण जारी है। रजिस्टर्ड व्यक्ति फोन पर मेसेज आने पर, जिले में किसी भी केन्द्र पर जाकर टीकाकरण लाभ ले सकते हैं।