बिलासपुर। दनकौर रेलवे स्टेशन से सटे खेरली हाफीजपुर गांव में जमालपुर रोड स्थित एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई। घटना के दिन मकान मालिक नंदराम शर्मा अपनी पत्नी के साथ ग्रेनो के अल्फा-2 सेक्टर में रहने वाले बेटे दीपक भारद्वाज से मिलने गए थे। दीपक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने शिकायत के साथ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी दी है, जिसमें दो आरोपी रात करीब ढाई बजे ताला तोड़कर घर में घुसते नजर आ रहे हैं।
शिकायत में दीपक ने बताया कि वह अल्फा-2 सेक्टर में रहते हैं और ड्राइक्लीन की दुकान चलाते हैं। 11 मार्च को माता-पिता गांव से उनके पास पाए थे। अगले दिन गांव से फोन आने पर घर में चोरी होने का पता चला। वहां जाकर देखा तो घर का ताला टूटा पड़ा था और अलमारी व सेफ में रखे करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और 40 हजार रुपये गायब थे। दीपक का छोटा भाई गौरव भी ग्रेटर नोएडा में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस को घर से चोरों का एक चाकू भी मिला है। थाना प्रभारी अनिल पांडेय का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।