जारचा के ऊंचामीरपुर गांव में सरकारी जमीन से काटे गए पेड़।
- फोटो : Grnoida
100 बीघा जमीन में लगे 2500 पेड़ काटकर ले गए चोर
जारचा। ऊंचा अमीरपुर गांव में 100 बीघा सरकारी जमीन में लगे करीब 2500 पेड़ चोर काटकर ले गए। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मामले की शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ऊंचा अमीरपुर निवासी अवनीश प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में 100 बीघा जमीन पर वन विभाग ने 10 हजार पेड़ लगाए थे। इनमें अर्जुन, पापड़ी, कीकर आदि पेड़ों का रोपण किया गया था। नौ साल में यहां जंगल बन गया था। तीन दिन पहले ग्रामीणों ने देखा कि उक्त जमीन से कई पेड़ काटे गए हैं। उनकी लकड़ियां भी गायब हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत वन विभाग व कोतवाली पुलिस से की। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अधिकारियों ने बताया कि करीब 2500 पेड़ काटे गए हैं। इनकी लकड़ियों की कीमत बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस जमीन पर पेड़ लगे हैं, वहां स्टेडियम प्रस्तावित है। 100 में से 11 बीघा जमीन से पेड़ों को कटवाने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी जा रही है। अनुमति मिलने से पहले ही चोर पेड़ काटकर ले गए। ग्राम प्रधान नीलम चौहान ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की शिकायत कर जांच कराई जाएगी। वहीं, कोतवाली प्रभारी श्रीपाल सिंह ने बताया कि ऊंचा अमीरपुर में पेड़ काटे जाने की शिकायत पर पुलिस को भेजा गया था। मौके पर वन विभाग की टीम भी थी। इस पर वन विभाग कार्रवाई करेगी।
मामला संज्ञान में आया है। जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- पीके श्रीवास्तव, जिला वन अधिकारी