थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा गांव के जंगल में सोमवार रात चोरों ने ऊर्जा निगम की इमलीखेड़ा फीडर की 11 केवी बिजली लाइन को काटकर 150 मीटर तार चोरी कर लिया। चोर दो तार पहले ही काट चुके थे। तीसरे को काटने के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया और पोल पर ही चिपक रह गया।
ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी अनिता सैनी ने बताया कि देर रात क्षेत्र में अचानक बिजली की ट्रिपिंग हुई। कर्मचारियों ने फाल्ट खोजने के बाद दोबारा लाइन चालू करने की कोशिश की तो फिर से ट्रिपिंग हो गई। इसी तरह तीन बार ट्रिपिंग हुई। इसपर निगम के लाइनमैनों की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची।
जब टीम मोहम्मदपुर पांडा गांव के जंगल में पहुंची तो एक पोल पर एक युवक करंट से झुलसा हुआ पोल से चिपक रहा था। मौके पर 11 केवी लाइन के दो तार कटे हुए पाए गए। तीसरे को काटने के दौरान युवक को करंट लग गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
ऊर्जा निगम के कर्मचारियों और पुलिस ने हाइड्रा क्रेन से झुलसे युवक को नीचे उतारा। झुलसे युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल भिजवाया गया। दूसरे युवक को पुलिस के हवाले किया गया। उपखंड अधिकारी अनिता ने बताया कि मोहम्मदपुर पांडा गांव के जंगल से 11 केवी के करीब 150 मीटर तार चोरी हुआ है। करीब पौने दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस समय क्षेत्र में चोर सक्रिय हैं।
कई स्थानों पर चोर नलकूपों के ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर उनके उपकरण चोरी कर चुके हैं। इससे पहले भी मार्च में मोहम्मदपुर पांडा में लाइन को काटने का प्रयास किया था। ऊर्जा निगम की ओर से जेई गोपाल सैनी, और फैजल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। एसएसआई बीएस चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।