ग्रेटर नोएडा की ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने शातिर चोर को बुधवार को लखनावली मार्ग के पास हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान विवेक निवासी गांव फरका थाना सबौर जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से चांदी की एक चैन, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी मेहंदी छल्ला, एक नाक का फूल (पीली धातु), चार हजार रुपये नकद, एक स्प्लेंडर बाइक, एक अवैध तमंचा, कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी का साथी मौके का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भाग निकला। जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग ऑपरेशन जारी है।
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि पुलिस टीम लखनावली जाने वाले रास्ते पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों युवक तेज गति से बाइक मोड़कर सुत्याना की ओर भागने लगे। पुलिस के पीछा किए जाने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। जिसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी विवेक वर्तमान में गांव कुलेसरा में रह रहा है। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से गांव हल्दौनी स्थित एक बंद मकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। आरोपी विवेक एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं। जिनमें चोरी, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थ तस्करी और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। आरोपी पर सात मुकदमे ईकोटेक-3 कोतवाली में दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।