दादरी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान कर बदमाश डीजल चुराते और चालक से नकदी लूटते थे। मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद पकड़े गए लालू गिरोह के बदमाशों मुस्तफा और मोबिन ने यह खुलासा किया है। गिरोह में 13 बदमाश हैं जो दो मिनी ट्रकों में सवार होकर ट्रकों की पहचान करते थे। बदमाशों ने चोरी का डीजल स्टोर करने के लिए मिनी ट्रक में अलग से टैंक बनवा रखे थे।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रात के समय लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक चालक की नींद आने पर गाड़ियों को सड़क किनारे रोककर आराम करते हैं। ऐसे ट्रक चालकों को निशान लालू गिरोह डीजल और नकदी लूटते थे। इस गिरोह में 13 बदमाश हैं। जो अलग-अलग समूह बनाकर लूट की वारदात करते थे।
गिरोह के बदमाश मिनी ट्रक से चलते थे। बदमाशों ने चोरी की डीजल स्टोर करने के लिए मिनी ट्रक में अलग से टैंक बनवा रखे थे। टैंक गाड़ी की लेफ्ट साइड की खिड़की के नजदीक बनवाया गया था। रात को सड़क किनारे खड़े ट्रकों के डीजल टैंक का ढक्कन खोल बाल्टी लगाकर डीजल चुरा लेते थे। इस डीजल को अपनी गाड़ी में रखे अतिरिक्त टैंक में डाल देते थे। चालक के जाग जाने पर बदमाश मारपीट कर उसे बंधक बना नकदी और मोबाइल फोन लूट लेते थे।
गिरोह के बदमाश ट्रकों की नंबर प्लेट देखकर वारदात करते थे। हमेशा दो मिनी ट्रकों में सवार होकर चलते थे। पुलिस से बचने के लिए दोनों गाड़ियां आगे-पीछे चलती थीं। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरोह के सरगना लालू को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।