चोरी की बाइक से व्यापारियों के मकान में लगाते थे सेंध
पुलिस ने जेवर में हुई चोरी की घटनाओं का किया खुलासा
हरियाणा के अपराधी गैंग बनाकर घटनाओं को दे रहे थे अंजाम
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर में व्यापारियों के घर हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। हरियाणा के अपराधी जेवर मेें चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आरोपी पहले क्षेत्र से बाइक चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइक से ही व्यापारियों के घर पर चोरी करते थे।
इस दौरान वह अपना मुंह छिपाकर रखते थे, जिससे कि उनकी पहचान न हो सके। शनिवार देर रात पुलिस ने इन्हें सिरसा माचीपुर के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 5 जून को मोहल्ला सराय नैन सिंह निवासी प्रमोद गुप्ता ने शिकायत देकर उनके घर में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके साथ 6 जून को रामपुर बांगर निवासी जयपाल ने दो बाइकों के चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था और अपराधियों की तलाश की जा रही थी। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया गया था और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी। शनिवार की रात को पुलिस सिरसा माचीपुर के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी तीनों संदिग्ध एक ही बाइक पर सवार होकर आते दिखे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
हरियाणा के पलवल निवासी तेजपाल उर्फ छोटा बनिया, पलवल के भगतजी काॅलोनी निवासी कृष्ण उर्फ कुटनिया और जेवर के गांव साहब नगर निवासी गौरव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है और इनके खिलाफ जेवर के साथ ही हरियाणा में भी नामजद मामले दर्ज हैं। इनके पास से चोरी के आभूषण, जेवर से चोरी की गई बाइक और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करते थे और फिर उसकी बाइक से चोरी करते थे। पहचान छिपाने के लिए महिलाओं के दुपट्टे से सिर ढक लेते थे, जिससे उनकी पहचान न हो पाए। आरोपियों ने बताया कि बाइक चोरी करने में उनके साथ राहुल, हेमंत और अजय भी शामिल थे।
वर्जन
जेवर क्षेत्र में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। इनके तीन और साथियों का नाम प्रकाश में आया है, जिनकी तलाश जारी है। जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -संजय सिंह, कोतवाली प्रभारी, जेवर