कासगंज। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अंत:जनपदीय स्थानांतरण एवं समायोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय समिति प्रकिया को पूरा करेगी। शासन से निर्देश मिलने के बाद विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यालयों की आवश्यकता और छात्र संख्या के आधार पर तैनाती सुनिश्चित करने के लिए स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया काे शासन से हरी झंडी दी है। शासन की मंशा प्रत्येक विद्यालय में कम से कम दो शिक्षकों की तैनाती करने की है। ग्रामीण क्षेत्र से ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्र से नगरीय में ही स्थानांतरण होगा। किसी भी परिस्थिति में दोनों संवर्गों की अदला-बदली नहीं होगी। यू-डायस डेटा के आधार पर मानक से अधिक संख्या वाले विद्यालय, एकल विद्यालय, शिक्षक विहीन विद्यालयों को चिह्नित किया जाएगा। अंत:जनपदीय समायोजन के माध्यम से अधिक शिक्षक वाले विद्यालयों से शिक्षकों को उन विद्यालयों में भेजा जाएगा, जहां शिक्षक नहीं हैं या केवल एक शिक्षक कार्यरत है।
विशेष परिस्थितियों में होगी समायोजन की कार्रवाई
शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया विशेष परिस्थितियों में भी की जाएगी। शिक्षकों की पदोन्नति, अन्यत्र स्थानांतरण या अकस्मात मृत्यु के बाद किसी विद्यालय के शिक्षक विहीन होने पर जिलास्तरीय समिति नियमानुसार समायोजन की व्यवस्था करेगी। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अंत जनपदीय स्थानांतरण, समायोजन के लिए शासन से निर्देश मिले हैं। प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता व शासनादेश के अनुसार ही अमल में लाई जाएगी।