ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान, दोपहर 2 बजे से देर शाम तक सेक्टर-21 ए और सेक्टर-62 के रास्तों पर होगा डायवर्जन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दशहरा व दुर्गा मूर्ति विसर्जन के चलते शहर में मंगलवार दोपहर 2 बजे से देर शाम तक कई रास्तों में बदलाव होगा। आयोजनों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है। सबसे ज्यादा असर रजनीगंधा से सेक्टर-12-22-56 को जाने वाली सड़क (मास्टर प्लान रोड-1) पर ट्रैफिक दबाव के रूप में दिखेगा। इसके साथ ही नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 ए के चारों तरफ के रास्तों पर बदलाव होगा। सेक्टर-62 में भी डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक डायवर्जन रावण दहन के बाद भीड़ वापस लौटने तक लागू रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास ने बताया कि आम जन की सहूलियत के लिए हेल्प लाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है। कोई भी वाहन निर्धारित पार्किंग से हटकर सड़क पर न खड़ा हो जिससे ट्रैफिक फंसे इसके लिए 4 क्रेन भी लगाई जाएंगी।
नोएडा स्टेडियम के चारों तरफ बंद रहेगा वाहनों का आवागमन-
सेक्टर 12-22, 56 से स्टेडियम की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद होगा। सेक्टर 10, 21 तिराहे की ओर से स्टेडियम की ओर वाहनों का आवागमन भी रोका जाएगा। सेक्टर 8, 10, 11, 12 शिवानी फर्नीचर चौक से स्टेडियम की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी रोका जाएगा। मेट्रो हॉस्पिटल चौक से सेक्टर-12, 22 की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे होगा ट्रैफिक डायवर्जन सेक्टर-31, 25 चौक से सेक्टर-21, 25 (मोदी मॉल) की ओर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। एनटीपीसी चौक से सेक्टर-12, 22 की तरफ वाहनों का आवागमन भी रुकेगा। साथ ही सेक्टर- 22, 23, 54 तिराहे से सेक्टर-21, 25 की तरफ वाहनों का आवागमन नहीं होगा। सेक्टर- 20, 21, 25, 26 जलवायु विहार चौक से सेक्टर-21, 25 पीवीआर की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों से निकल सकेंगे-
कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन रोकने के साथ वैकल्पिक रास्ते भी ट्रैफिक पुलिस की तरफ से सुझाए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान में बताया गया है कि टेलीफोन एक्सचेंज की तरफ से एनटीपीसी, गिझौड़ की तरफ से जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर-10, 21 तिराहे से जलवायु विहार चौक से निठारी होकर निकलेगा। सेक्टर-12, 22, 58 से होकर स्टेडियम जाने वाले वाहन सेक्टर-57 चौराहा, गिझौड़ से एनटीपीसी, 31, 25 चौराहा होकर जा सकेंगे। सेक्टर-12, 22, 56 से दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर-56 के सामने से सेक्टर-11 के होकर झुंडपुरा होते हुए निकाला जाएगा।
सेक्टर-62 में जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन होगा-
ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-62 के लिए जो डायवर्जन प्लान बनाया है वह जरूरत पड़ने पर ही लागू किया जाएगा। इसमें सेक्टर-62 चौकी से फोर्टिस की ओर जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक रोका जाएगा। इसके साथ ही मैदान के तिराहे से चौकी की तरफ जाने वाली सड़क भी जरूरत पर ही बंद की जाएगी। इसी तरह महर्षि आश्रम रामलीला मैदान के आसपास के रास्तों पर सेक्टर-107 व सेक्टर-110 के रास्तों में भी बदलाव होगा। यहां सेक्टर-104 हाजीपुर से रामलीला मैदान की ओर जाने वाला और सेक्टर-110 यथार्थ अस्पताल तिराहे की ओर से आने वाला ट्रैफिक रोका जाएगा।
मूर्ति विसर्जन को लेकर मंगलवार-बुधवार को रास्तों में बदलाव-
दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान मंगलवार-बुधवार को कालिंदीकुंज-महामाया रोड, हिंडन-कुलेशरा रोड व ग्रेनो वेस्ट में किसान चौक के पास से जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक पुलिस रास्तों में बदलाव करेगी। इस दौरान नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस-वे, सेक्टर-37 से कालिंदीकुंज होकर दिल्ली जाने वाले वाहन सेक्टर-94 चरखा गोल चक्कर से सीधे दलित प्रेरणा स्थल के सामने से डीएनडी से निकाले जाएंगे। इसी तरह सूरजपुर से कुलेशरा की तरफ जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोल चक्कर की तरफ निकाला जाएगा। फेज-2 से हिंडन की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की ओर निकाला जाएगा। किसान चौक से आने वाले वाहनों को बिसरख पुल रोड की तरफ से निकाला जाएगा। ये वाहन सोहरखा, पर्थला होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसी तरह पर्थला से किसान चौक की ओर जाने वाले वाहनों को एफएनजी से बिसरख पुल रोड होते हुए निकाला जाएगा। इस दौरान इन सड़क किनारे लगने वाले साप्ताहिक बाजार भी बंद रहेंगे।