संदीप गर्ग और प्रीति गर्ग काठमांडू एयरपोर्ट पर है
- जलप्रलय के दौरान नेपाल में थे दनकौर निवासी संदीप गर्ग व दोस्त का परिवार
- नेपाल के पाेखरा से काठमांडू आने के दौरान बंद हो गया था सड़क मार्ग, हवाई जहाज से पहुंचे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दनकौर निवासी संदीप गर्ग और उनका परिवार नेपाल में जलप्रलय से खासी दूरी पर थे फिर भी परिवार को परेशानी झेलनी पड़ी। सड़क मार्ग बंद होने के कारण उनका परिवार पोखरा से हवाई मार्ग से काठमांडू पहुंचा। वहां एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल था। भारत से पहुंचने वाले लोग काठमांडू से ही लौटने लगे थे। बृहस्पतिवार को संदीप नेपाल से परिवार के साथ लौट आए है। इस पर दनकौर निवासी परिजनों ने राहत की सांस ली।
संदीप गर्ग ने बताया कि वह पत्नी व दोस्त के परिवार के साथ 22 अगस्त को नेपाल गए थे। ग्रुप में कुल 6 सदस्य थे। वहां कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ श्री पशुपतिनाथ मंदिर, मुक्तिनाथ मंदिर और पोखरा गए थे। बुधवार को सभी पोखरा के होटल में थे। वहां से सड़क मार्ग से काठमांडू एयरपोर्ट निकलना था। सभी तैयारी कर रहे थे। काठमांडू तक का समय 6 से 8 घंटे का है। तभी पता चला कि 50 किमी दूर भोटेकोशी और त्रिशूली नदी घाटी में बाढ़ आ गई है। इस कारण सड़क मार्ग बाधित हो गया है। इस कारण वो वहां से निकल नहीं सके। उसके बाद ट्रेवल एजेंट से बात कर पोखरा एयरपोर्ट से काठमांडू एयरपोर्ट की टिकट कराई। शाम को फ्लाइट से वो सभी काठमांडू पहुंचे और वहां होटल में रात गुजारी। बृहस्पतिवार सुबह सभी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां अफरातफरी का माहौल था। सभी को घटना की जानकारी थी और सहमे हुए थे। काफी लोगों ने अपनी नेपाल यात्रा को रद्द कर दिया और काठमांडू से ही वापस लौटने की जुगत में जुटे थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे वह परिवार के साथ भारत पहुंचे। उसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। उनका कहना है कि नेपाल में बाढ़ के बाद परिजनों के लगातार फोन आ रहे थे। वो भी घबराएं हुए थे।