जमीन के झगड़े में दो पक्षों में मारपीट से गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की लेकिन झगड़ा शांत नहीं हो सका। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली को सूचना मिली कि कान्हापुर के खेत में जमीन पर अपना-अपना दावा करने के लिए दो पक्षों में मारपीट हो रही है। काफी लोग खेत में जमा है। मामला तनावपूर्ण होने की आशंका बन रही है। मारपीट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गांव की ओर दौड़ लगा दी।
पुलिस को देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। काफी लोग पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर चार लोगों को मौके से पकड़ लिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला ने बताया कि खेत में हुई मारपीट के मामले में शामिल लोगों का शांतिभंग में चालान किया जाएगा।