संभल। मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब की कंपनी फॉलिकल ग्लोबल में निवेश किए गए धन को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए बिटकॉइन खातों से विदेश भेजने की आशंका गहरा गई है। पुलिस को इसकी पूरी आशंका है। अब पुलिस इसी आशंका पर जांच कर रही है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि जावेद हबीब और उसके बेटे को नोटिस जारी कर जांच में सहयोग के लिए निर्देश दिए गए हैं लेकिन अभी तक कोई सहयोग नहीं मिला है। टीम दिल्ली स्थित जावेद हबीब के आवास पर भी पहुंची थी, लेकिन वह वहां भी नहीं मिले। अब गैर जमानती वारंट जारी कराकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
2023 में संभल के एक मैरिज हॉल में फॉलिकल ग्लोबल कंपनी के नाम से एक सेमिनार हुआ था। इसमें जावेद हबीब और उसके बेटे को संस्थापक के तौर पर प्रस्तुत किया गया था। इस सेमिनार में कहा गया था कि कंपनी वेलनेस इंडस्ट्री को डिजिटाइज कर रही है। कंपनी जमीन, हेल्थ और ब्यूटी बिजनेस में निवेश से बड़ा मुनाफा दिलाने का काम करेगी। इसमें कहा गया था कि जो जितना निवेश करेगा उसको उतना ही लाभ मिलेगा। 20 से 70 प्रतिशत तक मुनाफा दिए जाने का दावा था।
लोग जावेद हबीब के नाम से भ्रम में आ गए और संभल के नई सराय निवासी एजेंट सैफुल के माध्यम से करोड़ों रुपये निवेश कर दिए।दो वर्ष बाद भी जब लोगों को न मूल रकम मिली और न मुनाफा मिला तो ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद ही एसपी के सामने लोगों ने समस्या रखी। तहरीर के आधार पर एक के बाद एक 32 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एसपी ने बताया कि कंपनी का हेडक्वार्टर दुबई में बताया गया है। यह आशंका है कि मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए बिटकॉइन खातों से पैसा विदेश भेजा गया हो। इसकी जांच चल रही है।
000000000000
200 से ज्यादा पीड़ित, पांच से सात करोड़ की ठगी का मामला
कंपनी में निवेश करने वालों की संख्या 200 से ज्यादा है। पुलिस का मानना है कि पांच से सात करोड़ रुपये की ठगी का मामला है। जावेद हबीब के अधिवक्ता ने कंपनी से जावेद हबीब का कोई वास्ता नहीं होने का हवाला दिया था लेकिन लोगों ने सेमिनार की जो वीडियो उपलब्ध कराई है। उससे स्पष्ट है कि जावेद हबीब ने ही लोगों को मुनाफे का सपना दिखाया था और निवेश कराने के लिए प्रेरित किया था। इसके बाद ही लोगों का भरोसा बढ़ता चला गया।
000000000000
कुछ लोगों को रुपये दिए जाने की चर्चा
जावेद हबीब के अधिवक्ता ने निवेश करने वाले कुछ लोगों के दिवाली से पहले पुलिस से नाम मांगे थे। अब चर्चा है कि अधिवक्ता के माध्यम से रुपये दिए गए हैं। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की जा रही है लेकिन निवेश कर ठगी का शिकार हुए लोगों का कहना है कि नाम लिए गए हैं और वह रुपये वापस देने की बात कह रहे हैं।
000000000
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए बिटकॉइन खातों से पैसा विदेश भेजे जाने की आशंका है। इसकी जांच जारी रहै। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल।