चोरी के आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चोरी की कार व सामान बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने ओमीक्रोन-3 स्थित ओमेक्स गोलचक्कर के पास मुठभेड़ में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है, इनकी पहचान मोहबा के भारत सिंह (22), मेरठ के आदेश कुमार (22) व बुलंदशहर के कुनाल (21) के रूप में हुई है।
इनके पास से बिसरख कोतवाली क्षेत्र से चोरी सोनेट कार, डेल्टा-2 से चोरी की गई टोटियां, घरेलू सामान, छह हजार रुपये नकद, तीन तमंचे, तीन कारतूस, तीन खोखा कारतूस बरामद किया गया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान ओमीक्रोन-2 की ओर से बिना नंबर की किया सोनेट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और नजदीकी जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। मौके पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें तीसरे बदमाश को जंगल से गिरफ्तार किया गया। आदेश कुमार पर मेरठ और गौतमबुद्धनगर में 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंग गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं। आरोपी पिछले 11 साल से आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहा है।