फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवक से 4.70 लाख की ठगी
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार को सोशल मीडिया पर महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को प्रेम व विवाह का झांसा देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनकी पहचान केशवपुरम, दिल्ली निवासी अमित उर्फ आरव (23) व पीतमपुरा, दिल्ली के मोहम्मद रिजवान (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल व एक बाइक बरामद की है। मेडिकल स्टोर की दुकान पर काम करने वाले पीड़ित युवक ने शनिवार को ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक अज्ञात लोगों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला बनकर उससे संपर्क किया और खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का प्रस्ताव दिया। बाद में मेडिकल इमरजेंसी, पारिवारिक संकट और शादी की तैयारियों के नाम पर उससे कुल 4.50 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने बताया कि जब उसने शादी के लिए जोर दिया तो आरोपी खुद को लड़की का भाई बताकर धमकी देने लगे। उन्होंने अश्लील बातचीत का आरोप लगाते हुए जेल भिजवाने की धमकी दी और पीड़ित से गाली-गलौज करते हुए 20 हजार नकद भी वसूल लिए। पुलिस ने बीएनएस एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपी मानसी, संजू और नंदनी जैसे नामों से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़ित से संपर्क करते थे। एसीपी सेंट्रल नोएडा बीएस वीर ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं और भी लोग इनके जाल में तो नहीं फंसे। इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी कब से यह काम कर थे और अब तक कितने लोगों से ठगी कर चुके हैं।