मोदीनगर। भोजपुर के गांव औरंगाबाद दतैड़ी स्थित नोर्दस्टेर्न रबर एंड रॉल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी के बॉयलर फटने से जान गंवाने वाले मजदूर अनुज कुमार और योगेन्द्र कुमार के शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को उनके घर मोदीनगर व गांव मुकीमपुर पहुंचे। परिजनों और रिश्तेदारों ने बहेद गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया। तीसरे मजदूर अवधेश का शव परिजन उसके पैतृक गांव ले गए।
नोर्दस्टेर्न रबर एंड रॉल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी का खराब बॉयलर शुक्रवार सुबह चार बजे फट गया था। बॉयलर की चपेट में आकर फैक्टरी में काम कर रहे मोदीनगर की कृष्णानगर कॉलोनी निवासी अनुज कुमार और गांव मुकीमपुर निवाासी योगेन्द्र कुमार व जिला गौतमबुद्धनगर के थाना जेवर स्थित गांव जहांगीरपुर निवासी अवधेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से गुस्साए परिजनों ने फैक्टरी संचालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया था। परिजनों ने मांग पूरी नहीं हुए बिना 12 घंटे तक शव नहीं उठने दिए था। शुक्रवार देर शाम परिजनों और फैक्टरी संचालक में समझौता होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए थे। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मजदूरों के शव घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। अनुज कुमार का शव कृष्णानगर कॉलोनी पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया, उनकी गर्भवती पत्नी राखी पति अनुज का शव देखकर बेहोश हो गईं। महिलाओं और रिश्तेदारों ने किसी तरह राखी को संभाला। अनुज की एक साल की पुत्री अंशिका घर पर जुटी भीड़ को देख कुछ समझ नहीं पा रही थी। इसके अलावा योगेन्द्र कुमार का अंतिम संस्कार गांव मुकीमपुर में किया गया। शव घर पहुंचा तो चीत्कार मच गई। पत्नी पवन देवी व पुत्र विशाल और सचिन का रो-रोकर बुरा हाल था।