फिर बदलेगा मौसम, बारिश के बाद गिरेगा तापमान
अधिकतम 27.2 और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फरवरी के 15 दिन बीतते ही हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। तापमान में भी बढोतरी हो रही है लेकिन अगले दो दिनों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 17 और 18 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार बन रहे हैं।
आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान काफी बढ़ गया है और यह सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर चल रहा है। अधिकतम तापमान हाल के दिनों में 28 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ, जो इस सीजन के उच्च स्तरों में है। अब एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम बदलने वाला है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। ऐसे में प्रदूषण से हल्की राहत रही और एयर क्वालिटी इंडेक्स ऑरेंज जोन में दर्ज किया गया।