मेट्रो सेवा शुरू होने से दिल्ली की राह आसान
नोएडा। अब नोएडा से दिल्ली-एनसीआर जाना और भी आसान हो गया है। पूरे दिन मेट्रो सेवा शुरू मिलने से यात्रियों में खुशी है। शनिवार से नोएडा में एक्वा, ब्लू और मजेंटा लाइन पर पूरे दिन मेट्रो सेवा शुरू हो गई। एक्वा लाइन पर सुबह 6 से रात 10 बजे तक और ब्लू और मजेंटा लाइन पर सुबह 6 से रात 11 बजे मेट्रो सेवा मिलेगी। पहले चार-चार और फिर 6-6 घंटे के लिए मेट्रो का संचालन किया गया था। अब मेट्रो पुरानी व्यवस्था में लौट आई है।
यात्रियों का कहना है कि पूरे दिन मेट्रो चलने से उन्हें कहीं भी जाने में दिक्कत या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, सफर के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव भी हो सकेगा, क्योंकि मेट्रो प्रबंधन ने इसके लिए कई एहतियाती कदम उठाए हैं। एक्वा लाइन पर बिना मास्क सफर करने पर जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, दिल्ली मेट्रो ने भी औचक निरीक्षण की शुरुआत की गई है। इसका मकसद लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनना और सामाजिक दूरी का पालन कराना है। एक्वा लाइन मेट्रो सेक्टर-51 से लेकर ग्रेटर नोएडा के मेट्रो डिपो तक जाती है। वहीं, ब्लू लाइन मेट्रो नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन तक है। मजेंटा लाइन बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से ओखला पक्षी विहार होते हुए दिल्ली में प्रवेश करती है।
ऑटो चालक भी खुश
एक्वा लाइन के सेक्टर-51 स्टेशन पर ऑटो चालक धर्मवीर ने बताया कि पूरे दिन मेट्रो चलने से आय की उम्मीद जगी है। मेट्रो सेवा बंद होने से यात्री मिलना मुश्किल हो गया था। अब आस है कि खाली नहीं लौटना पड़ेगा। ई-रिक्शा चालक भी मेट्रो के पूरे दिन चलने से काफी खुश नजर आए। हालांकि, सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर निशुल्क ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा भी कई ऐसे रिक्शा चालक हैं, जो यात्रियों को सेक्टरों में लेकर जाते हैं।