रन्हेरा में जलस्तर कुछ कम हुआ, लेकिन संकट अभी बरकरार
- जिलाधिकारी ने गांव का दौरा कर स्थिति का लिया जायजा,नाराजगी जाहिर करते हुए दिए दिशा निर्देश
- संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए छिड़काव किए गए
संवाद न्यूज एंजेसी
जेवर। एयरपोर्ट से सटे रन्हेरा गांव में पिछले 14 दिनों से नाले के ओवरफ्लो होने से हुए जलभराव ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर दिया है। जिलाधिकारी ने शनिवार को गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। ग्रामीणों ने माना है कि कुछ जगहों पर पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन ज्यादातर जगहों पर स्थिर बना हुआ हैं।
रन्हेरा गांव की जमीन का अधिग्रहण एयरपोर्ट विस्तारीकरण के दूसरे फेज के लिए किया गया है। गांव का भी विस्थापन किया जाना है। लेकिन एयरपोर्ट के प्रथम फेज में पथवाया नाला बंद होने और नए नाले से उचित जल निकासी नहीं होने के चलते गांव में पिछले 14 दिनों से बाढ़ के जैसे हालात बने हुए हैं। जल निकासी के लिए किए जा रहे इंतजाम का निरीक्षण करते हुए जलभराव की स्थिति को देखकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने नाले का निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था पर ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने प्रभावित लोगों को राशन वितरण और संक्रामक बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए नियमित दवाओं के छिड़काव के भी निर्देश दिए। तहसील, सिंचाई और लोकनिर्माण विभाग की टीमों को नाले की सफाई कराने के अलावा जलस्तर जल्द से जल्द कम कराने पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी अभय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि अगर बारिश दोबारा से नहीं होती है तो 24 से 48 घंटों में जलस्तर में तेजी से कमी लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
थोड़ी राहत लेकिन खतरा टला नहीं
रन्हेरा के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ हिस्सों में मामूली जलस्तर में गिरावट देखने को मिली हैं। एयरपोर्ट की साइड और आदर्श इंटर कॉलेज की तरफ अभी भी पानी भरा हुआ है। मकानों में पानी भरा होने से लगातार दरारें बढ़ती जा रही हैं। संक्रामक बीमारियों के अलावा अन्य खतरे गांव में बने हुए हैं।
बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
गांव में 14 दिनों से जलभराव की वजह से आदर्श इंटर कॉलेज और सरकारी स्कूल में पानी भरा हुआ है। वहां अभी तक पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा। जिससे गांव के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अगर इसी रफ्तार से जल निकासी हुई तो एक सप्ताह तक पानी कम हो पाएगा ।