- सेक्टर-82 स्थित उद्योग विहार की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-82 स्थित उद्योग विहार एलआईजी फ्लैट परिसर में लगे एक पेड़ का ऊपरी हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। इस हादसे में एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई है। वहां से गुजर रहे लोग और बच्चे बाल-बाल बच गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। गनीमत रही कि पेड़ गिरने से किसी को चोट नहीं आई। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण को सूचित किया गया और आरडब्ल्यूए ने पेड़ को हटवाया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मयंक चौहान ने बताया कि सोसाइटी में करीब एक दर्जन पेड़ सड़क की ओर झुके हुए हैं। स्थानीय निवासी और आरडब्ल्यूए ने इस संबंध में प्राधिकरण को भी सूचना दी है। पेडों को कंक्रीट से बंद किया गया है। इससे पेड़ों की जड़ें कमजोर हो रहीं हैं। पेड़ का ऊपरी हिस्सा सूखने से कमजोर हो गया था। इसी वजह से वह गिरा। अगर कोई इसकी चपेट में आता तो गंभीर हादसा हो सकता था। लंबे समय से इन पेड़ों की छंटाई नहीं की गई है। कई पेड़ बहुत पुराने हो चुके हैं और बारिश के मौसम में किसी भी समय गिर सकते हैं। गंभीर हादसे होने से पहले इन पेड़ों को हटाना जरूरी है। प्राधिकरण के उद्यान विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया है।