बिजली चोरी की जांच करने गई टीम से मारपीट
हथीन । बिजली चोरी की शिकायत पर गांव गुलेशरा में जांच करने गई विद्युत निगम की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के विरोध की वजह से टीम को बिना कार्रवाई वापस लौटना पड़ा। इस मामले में एसडीओ अशोक शर्मा ने उटावड थाने में लिखित शिकायत दी है।
पुलिस के अनुसार निगम के अधिकारियों को गांव में बिजली चोरी की सूचना मिली थी। इस पर सोमवार को सहायक फोरमैन राकेश, खजान, लाइन मैन संजय, विनोद, इमरान की टीम गांव में जांच करने गई थी। टीम जब मुबीना नाम की महिला के घर जांच कर रही थी तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और निगम कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि ग्रामीणों ने सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।