नकुड़। गांव रणदेई स्थित रामदूत काॅलेज परिसर में श्रीसूर्य पञ्चायतन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। दावा है कि नकुड़ क्षेत्र में होने वाला यह महायज्ञ उत्तर प्रदेश का पहला 100 कुंडीय महायज्ञ होगा।
श्री त्रिलोक आचार्य जी महाराज ने बताया कि 100 कुंडीय श्रीसूर्य पञ्चायतन महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं कोटी अर्चनात्मक पञ्चदेव महायज्ञ के लिए सोमवार को गांव रणदेई स्थित रामदूत काॅलेज परिसर में भूमि पूजन होगा। इसके बाद राजस्थान के एक सौ कारीगरों के द्वारा सौ फीट ऊंची और 11 मंजिला यज्ञशाला का निर्माण किया जाएगा।
यज्ञशाला की खास बात यह होगी कि इसके निर्माण में किसी भी तरह की लोहे की कील या तार का प्रयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यज्ञ के 51 शुद्ध गाय का देशी घी भी राजस्थान से मंगवाया गया है। इसके अलावा 51 क्विंटल काले तिल व 101 क्विंटल आम की लकड़ी मंगवाई गई है।
यज्ञ में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री शक्कर आदि की शुद्धता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस महा आयोजन के आयोजक हरि ग्रुप के चेयरमैन और नकुड़ ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी ने क्षेत्र वासियों से इस भव्य और दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।