चंदौसी(संभल)। पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए छठे राउंड की प्रक्रिया समाप्त हो गई। छह चरणों की प्रक्रिया पूरी हो जाने पर भी कुछ सीटें रिक्त रह गई। इन सीटों को भरने के लिए सातवें राउंड की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। अभ्यर्थी आठ सितंबर तक अपने विकल्प चयनित कर सकेंगे। बता दें कि अब तक राजकीय पॉलिटेक्निक में 228 विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं।राजकीय पॉलिटेक्निक में सिविल, केमिकल व प्रिंटिंग की 75-75 सीटें हैं। इसके अलावा लेटरल एंट्री की 14 सीटें हैं। इस सीटों पर पांच चरणों में करीब 228 अभ्यर्थी प्रवेश ले चुके हैं। संस्थान के काउंसलर व लेक्चरर क्षितिज गुप्ता ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी, जो अब तक पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश से किसी कारणवश रह गए है। वे सातवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
बताया कि छात्र आठ सितंबर तक अपनी पसंदीदा सीट का चयन कर विकल्प भर सकेंगे। नौ सितंबर को परिणाम जारी किया जाएगा। 10 से 12 सितंबर तक काउंसिलिंग फीस और सीट सुरक्षित रखने के लिए शुल्क जाम किया जाएगा। 14 को सीट वापस ली जा सकेगी। 15 सितंबर को आवंटित संस्थान में सूचना देने की अंतिम तिथि है।