-45 मीटर रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट, 22 महीने से ज्यादा समय तक रहेगा लागू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-128 के सामने सुल्तानपुर अंडरपास का निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड और यहां बने पुराने अंडरपास को बंद कर दिया गया है। इसका ट्रैफिक 45 मीटर रोड से होकर गुजरेगा। करीब 22 महीने से ज्यादा समय तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगा।
यह अंडरपास सुल्तानपुर गांव के सामने सेक्टर-128, 129, 132 व सेक्टर-108 के बीच बनाया जाना है। ट्रैफिक डायवर्जन से एक्सप्रेस-वे के सेक्टर-82 कट से उतर कर सर्विस रोड से जो वाहन सेक्टर-127, 128, 129, 132 को जाते थे वे अब आगे सेक्टर-93 ए के पास से जेपी फ्लाईओवर पर चढ़कर दूसरी तरफ निकलेंगे। वहीं सेक्टर-92, 93 की तरफ से आने वाले वाहन पंचशील अंडरपास से निकल कर एक्सप्रेस-वे के दूसरी तरफ जाएंगे। इसके बाद सेक्टर-128 के सामने सर्विस रोड बंद होने की वजह से ये वाहन 45 मीटर रोड से निकाले जाएंगे। 81 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से अंडरपास का निर्माण हो रहा है। चार लेन वाले इस अंडरपास की लंबाई 731 मीटर होगी। प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा ने बताया कि दो साल के भीतर निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।