- तीन चरण की प्रकिया के पहले दिन ही आवेदन करने में अभिभावकों के छूटे पसीने
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सोमवार से आवेदन शुरू हो गए। पहले ही दिन सर्वर के नहीं चलने के कारण अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अभिभावकों ने बताया कि पहले दिन से ही उन्हें कैफे में भटकना पड़ रहा है। एक माह देरी से प्रक्रिया शुरु होने के बाद भी सर्वर का नहीं चलना विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करता है।
देर रात तक अभिभावक सर्वर नहीं चलने के कारण परेशान रहे। अभिभावकों का कहना है कि निजी विद्यालयों में सामान्य सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है जबकि आरटीई के तहत प्रवेश को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। समय पर पोर्टल अपडेट नहीं चलने से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के भविष्य के साथ साथ हजारों अभिभावकों की उम्मीदें भी अधर में हैं। सभी अभिभावक आरटीई के सहारे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का सपना देख रहे हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर दाखिले की प्रकिया शुरु हुई है। कई अभिभावकों के माध्यम से जानकारी मिली की सर्वर नहीं चलने के कारण बच्चे आवेदन नहीं भर पा रहे हैं। अभिभावकों की शिकायत आने के बाद विभाग को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी 75 जिलों में एक साथ आवेदन आने के कारण सर्वर थोड़ा धीमा हो गया है। आरटीई के दायरे में आने वाले विद्यालयों की संख्या लगातार बढ़ी है। इस वर्ष आरटीई के तहत निजी स्कूलों में करीब 12 हजार सीटें आरक्षित की गई हैं। जिले में 1264 स्कूलों की यूडाइस पोर्टल से मैपिंग की गई है। हेल्प डेस्क का गठन भी किया है। जनपद स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक व कंप्यूटर ऑपरेटर की टीम बनाई गई है। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी व ब्लॉक एमआईएस की टीम है। यदि किसी भी अभिभावक को आवेदन करने में कोई दिक्कत आएगी तो वह इन्हें फोन कर सकेंगे । https://rte25.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कोट
अभिभावकों की शिकायतें मिली हैं। सर्वर के काम नहीं करने के कारण आवेदन करने में दिक्कत आ रही है। विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। यदि किसी को परेशानी हो तो वह हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं। - राहुल पंवार,बीएसए