-जिले का अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। इन दिनों तेज धूप के साथ ही गर्मी परेशान कर रही है। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक धूप बहुत तेज हो जाती है और यही वजह है कि घरों में एसी और कूलर के बिना काम नहीं चल रहा है। उमस की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। आईएमडी की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही आद्रता 86 प्रतिशत दर्ज की गई।
बता दें कि रोजाना जिले के तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है लेकिन 34 डिग्री से अधिक तापमान बहुत दिनों के बाद हुआ है। ऐसे में सितंबर में जुलाई जैसी गर्मी परेशान कर रही है। वहीं पूर्वानुमान के मुताबिक इन दिनों लगातार आसमान साफ स्थिति में बना हुआ है और हवा की गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। अगले एक सप्ताह तक स्थिति ऐसी ही रहेगी। तेज बारिश की संभावना नहीं बन रही है और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही शनिवार को ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 194 और नोएडा का एक्यूआई 144 दर्ज किया गया।