चौडगरा। मलवां ब्लॉक के महमूदपुर-लंहगी मार्ग पर तेज बारिश के बाद कटाव से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इससे गुनीर, गहबराखेड़ा, दलाखेड़ा, बसियाखेड़ा, भगनाखेड़ा, लक्ष्मणपुर और गूंझी समेत 12 से अधिक गांवों का संपर्क बाधित हो गया। दो किमी लंबे कच्चे रास्ते पर वाहन पूरी तरह बंद हो गए थे। लोग पैदल या साइकिल से ही आ जा पा रहे थे।
इस पर समाजसेवी वीरेंद्र पासवान ने बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी को पत्र लिखकर और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर समाधान की मांग की, लेकिन कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को वीरेंद्र पासवान ने निजी स्तर पर जेसीबी और ट्रैक्टर मंगवाकर खुद ही गड्ढे में मिट्टी भरवाई और मार्ग को फिर से चालू कराया। इससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है और आवागमन सामान्य हो गया है।