सिरसी(संभल)। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर करीब 400 मीटर लंबी सीसी रोड तो बना दी, लेकिन उसके किनारों पर फुटपाथ बनाना जिम्मेदार भूल गए। इसका खामियाजा राहगीर उठा रहे हैं। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। कारण सीसी रोड जमीन से लगभग डेढ़ फीट ऊंची है। अंधेरे में वाहन सीसी रोड से नीचे उतर जाते हैं। बाइक और ई-रिक्शा तो पलट जाते हैं। लगातार लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। सिरसी में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर करीब दो किलोमीटर के दायरे में दोनों ओर आबादी है। बारिश शुरू होने के दौरान ही सड़क उखड़ जाती थी और इसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ता था। पीडब्ल्यूडी की ओर से इस समस्या का समाधान सीसी रोड बनाकर किया गया। सामान्य सड़क से करीब डेढ़ फीट ऊंची सीसी रोड पड़ी है। सीसी रोड के दोनों और इतनी ही ऊंचाई की फुटपाथ बनना है। क्योंकि दुकान और मकान सीसी रोड के दोनों ओर बने हैं। यदि बड़ा वाहन अनियंत्रित हो जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। कोहरे के दौरान हादसों का खतरा ज्यादा रहेगा। करीब एक वर्ष से लोग फुटपाथ बनने का इंतजार कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुनील प्रकाश ने बताया कि फुटपाथ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है लेकिन मंजूरी नहीं मिली है।
0000000
क्या बोले लोग
ओवरटेक करते समय खतरा रहता है। यदि पहिया उतर गया तो पलट जाएगा। इसलिए देखभाल के चलना पड़ता है। फुटपाथ जल्दी बनना चाहिए। कई बार हादसा हो चुका है।
-तजम्मुल हसन, कार चालक, सिरसी
0000000
बाइक और ई-रिक्शा हादसे का सबसे ज्यादा शिकार हो रहे हैं। बृहस्पतिवार की सुबह रोडवेज बस अड्डे के सामने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा पलट गया। ई-रिक्शा में बैठे यात्रियों को चोट लगी है।
-शाहरूख, सिरसी
0000000000
संभल-मुरादाबाद मार्ग पर डिवाइडर काफी छोटा बना हुआ है। सामने से वाहन की लाइट पड़ने पर सभी वाहन चालक परेशान हो जाते हैं। ऐसे में सीसी रोड से वाहन का पहिया उतरने का खतरा रहता है। दोनों ओर दुकानें और मकान बने हैं। किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
-नाजिम, गांव बराही
0000000000
बच्चे साइकिल लेकर जाते हैं तो सामने से वाहन आने पर वह अनियंत्रित होकर लगातार गिर रहे हैं। दुकानों और मकानों के लिए हर समय खतरा मंडराता रहता है। फुटपाथ नहीं बनने से खतरा बढ़ा है। सीसी रोड बनने से उखड़ी सड़क से राहत मिली है लेकिन यह बड़ा खतरा बन गया है।
-मोहम्मद मुकीम, दुकानदार, सिरसी
000000000
सीसी रोड की दोनों ओर फुटपाथ बनाई जानी है। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।मंजूरी मिलने का इंतजार है। इसके बाद फुटपाथ बनाकर लोगों की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
सुनील प्रकाश, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, संभल