- पिछले साल इसी माह में ओपीडी में पहुंचे थे 4100 मरीज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। तीन दिन की लंबी छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल में एक दिन में 4366 से अधिक मरीज पहुंचे, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इससे पहले पिछले साल इसी माह में सबसे अधिक 4100 मरीज पहुंचे थे, लेकिन इस बार यह संख्या और बढ़ गई। सबसे अधिक मरीज फिजिशियन के पास आए।
मरीजों की संख्या ज्यादा होने की वजह से लाइन में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि इससे निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी में अतिरिक्त गार्ड की ड्यूटी लगाई थी। दरअसल, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर ओपीडी बंद रही, जबकि 16 अगस्त यानी जन्माष्टमी के दिन ओपीडी सुबह 11 बजे तक ही खुली। अगले दिन रविवार को सरकारी छुट्टी की वजह से ओपीडी बंद रही। इस दौरान कई मरीजों ने इमरजेंसी में भी इलाज कराया। जिससे इमरजेंसी में मरीजों का लोड बढ़ गया।
सुबह से लगनी शुरू हो गई लाइन
छुट्टी के बाद जैसे ही अस्पताल खुला वैसे ही मरीजों की कतार लगनी शुरू हो गई। खासतौर पर फिजिशियन के पास सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे। बड़ी संख्या में मरीज डायरिया, बुखार, खांसी जुकाम, बीपी, शुगर और पेट से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे। मरीजों को पर्चा बनवाने और डॉक्टर को दिखाने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। कई जगहों पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गार्डों को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
अस्पताल प्रबंधन के लिए भीड़ बनी चुनौती
अचानक इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल प्रशासन के सामने दबाव बढ़ गया। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी। कई डॉक्टरों ने बिना ब्रेक लिए लगातार मरीजों को देखा।
अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आए। कुल मरीजों में करीब एक हजार पुराने और अन्य सभी नए मरीज थे। लंबी छुट्टी के बाद ओपीडी खुलने की वजह से इस स्थिति का अंदाजा था। इसलिए अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी।- डॉ. अजय राणा, कार्यवाहक सीएमएस