- जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला अस्पताल से 15 दिन पहले पुलिस अभिरक्षा से भागा दुष्कर्म के आरोपी सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 13 जुलाई को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पांच जुलाई को सुबह उसकी 13 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। जिला बागपत के थाना दोघट के गांव निरपुड़ा निवासी मोहित ने घर में घुसकर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और उसे बहला फुसलाकर हरियाणा ले गया। हरियाणा में उसकी बेटी के साथ सोनू ठेकेदार निवासी गांव नसीरपुर थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर ने दुष्कर्म किया।
कुछ दिन हरियाणा में रखने के बाद मोहित उसकी बेटी को गांव के बाहर छोड़कर भाग गया था। पुलिस 14 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले गई थी। वहां से सोनू पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग गया था। एसपी ने लापरवाही के आरोप में सिपाही अजीत व कासिम को निलंबित कर दिया था और होमगार्ड प्रवीण के खिलाफ जिला कमांडेंट होमगार्ड को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया था।
इस मामले में आदर्श मंडी थाने पर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। एसपी ने सोनू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। आरोपी ने कैराना न्यायालय में सरेंडर की अर्जी लगाई गई थी। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि मंगलवार को कैराना रोड से आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।