नोएडा। एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर देश के कई राज्यों के छात्र-छात्राओं से करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी पुलिस के नेटवर्क पर भारी पड़ रहे हैं। ठगी कांड का मुख्य आरोपी जहां पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए पहले ही महोबा की कोर्ट में सरेंडर कर चुका है, वहीं अब दूसरे आरोपी के सरेंडर ने भी पुलिस नेटवर्क पर सवालिया निशान लगा दिया है।
दरअसल आदर्श नामक दूसरे जिस आरोपी की तलाश में कई जिलों की पुलिस दिल्ली-एनसीआर के साथ ही कई राज्यों की खाक छान रही थी, वह आरोपी करीब 12 दिन पूर्व ही कानपुर कोर्ट में सरेंडर करके जेल जा चुका है।
सरकारी कॉलेजों में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले दूसरे आरोपी आदर्श ने कानपुर नगर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। सोमवार को जब नोएडा पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस अब आरोपी को कानपुर जेल से नोएडा लाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले भी इस मामले का मुख्य आरोपी पंकज खटिक भी महोबा कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस को सोमवार को जानकारी मिली कि एमबीबीएस दाखिले के फर्जीवाड़ा मामले के दूसरे आरोपी आदर्श ने 25 फरवरी को ही कानपुर नगर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। आदर्श के खिलाफ वर्ष 2018 में कानपुर में बैंक फ्रॉड का मुकदमा दर्ज था। इसमें वह जेल भी गया था।
जनवरी में सेक्टर-62 स्थित आइथम टावर में प्लेसमेंट एजेंसी खोलकर सरकारी मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ था। इस मामले में अब तक कोतवाली सेक्टर-58 में चार मामले दर्ज हैं। इनमें मुख्य आरोपी पंकज खटिक, आदर्श और सचिन हैं।