संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राज्यस्तरीय कपालमोचन मेला में पहले दिन ही वाहनों में सवार होकर आए श्रद्धालुओं को पुलिस ने मुख्य मार्ग से मेला में जाने नहीं दिया। पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहन व्यासपुर में चौराही मोड़ पर ही रोक दिए गए।
इससे चौराही मोड़ से लेकर शिव चौक तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। मेला में जाने के लिए श्रद्धालुओं ने पुलिसकर्मियों के आगे हाथ तक जोड़े परंतु किसी ने उनकी एक नहीं सुनी। इससे लोगों में रोष देखा गया। मेला में पहले दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सुबह से ही वह अपनी कारों, बसों व ट्रकों में सवार होकर कपालमोचन में जाने के लिए व्यासपुर में पहुंचे। परंतु पुलिस ने उन्हें चौराही मोड़ पर लगाए गए नाके पर ही रोक दिया। पुलिस ने सड़क के बीच में बैरिकेड लगा रखे थे। पुलिस किसी भी वाहन को मेला में जाने नहीं दे रहे थे। वाहनों को चौराही की तरफ से मेला में जाने को कहा जा रहा था। पटियाला से आए गुरनैब सिंह ने बताया कि वह हर साल कपालमोचन में लंगर लगाने के लिए आते हैं। इसके लिए अपने वाहनों में ही पंजाब से सारा राशन लेकर आते हैं।
नाके पर पुलिसकर्मी पहले उनसे पास दिखाने को कह रहे हैं। वह अभी तो पंजाब से आने लग रहे हैं, ऐसे में पास कहां से लेकर आएं। उनके वाहनों को व्यासपुर में रोक कर उन्हें पैदल तीन किलोमीटर जाकर पास लाने को कहा जा रहा है। प्रशासन को पास देने की व्यवस्था यहीं नाके के पास करनी चाहिए थी। पिछले साल भी पुलिस ने ऐसे ही मनमर्जी की थी। यदि हर साल ऐसे ही होता रहा तो इस तरह से तो श्रद्धालु धीरे-धीरे कपालमोचन में आना कम कर देंगे।
इसी तरह मोहाली के मनोली से जिला परिषद सदस्य नैब सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ अपने वाहन में मेला में आ रहे थे। परंतु पुलिस ने उन्हें व्यासपुर में रोक दिया और मेला में जाने नहीं दिया। पुलिस ने उन्हें जबरन चौराही भेज दिया। परंतु पुलिस ने चौराही से उन्हें वापस व्यासपुर भेज दिया। पुलिस ने उन्हें परेशान कर दिया। फिर उन्होंने से फोन करवाया तब जाकर उन्हें मेला में एंट्री मिली।
हमारे पास प्रशासन के आदेश हैं कि बिना पास वाले किसी भी वाहन को मेला में प्रवेश नहीं करने देना है। इसलिए वाहनों को व्यासपुर में रोका जा रहा है। यदि कोई ज्यादा दिक्कत है तो वह इस बारे में अधिकारियों से बात करेंगे। -हरविंद्र सिंह, डीएसपी, व्यासपुर।
व्यासपुर के चौराही मोड़ पर लगी वाहनों की कतार। संवाद
व्यासपुर के चौराही मोड़ पर लगी वाहनों की कतार। संवाद