-सिविल के बाद उद्यान का भी टेंडर प्राधिकरण ने किया जारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-94 में बनने वाले जापानी पार्क में हरियाली विकसित करने में करीब 3 करोड़ 9 लाख 60 हजार रुपये का खर्च आएगा। नोएडा प्राधिकरण ने उद्यान के लिए टेंडर जारी किया है। पार्क में नाम के मुताबिक जापानी थीम पर पेड़-पौधे व घास लगाई जानी है। चुनी जाने वाली एजेंसी को हरियाली विकसित करने के साथ ही उसकी दो साल तक देखरेख भी करनी होगी। प्राधिकरण ने 15 अक्टूबर तक एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं। बता दें कि 14 एकड़ क्षेत्रफल में बनने जा रहे इस पार्क में सिविल के टेंडर में एजेंसी चयन के बाद निर्माण काम शुरू हो चुका है।
प्राधिकरण के उद्यान विभाग की तरफ से बताया गया कि जापानी पार्क में संस्कृति के उन पहलुओं को दिखाया जाएगा जिनमें प्रकृति प्रेम, शांति, और अध्यात्म जैसे गुण हैं। पार्क में जापानी झूले, ड्रैगन के आकार का झूला, कई सेल्फी पॉइंट, वॉकिंग ट्रैक, झरने, और छोटे पुल होंगे। यहां मियावाकी तकनीक से पेड़-पौधे उगाए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि सिविल के काम जनवरी तक पूरे करने के बाद उद्यान के काम शुरू करवाए जाएंगे।
वेदवन पार्क की देखरेख पर खर्च होंगे 1.83 करोड़
सेक्टर-78 में वेद और ऋषि मुनियों की थीम पर बने वेदवन पार्क की देखरेख सही से नहीं हो पा रही है। कई कैमरे खराब हैं और ट्रैक भी बदहाल हैं। इसको देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अगले दो साल की देखरेख का टेंडर जारी किया है। एजेंसी को हरियाली संवारने के साथ ही लेजर लाइट एंड साउंड शो की भी देखरेख करनी होगी। इसके बदले में प्राधिकरण 1 करोड़ 83 लाख रुपये का भुगतान करेगा। प्राधिकरण ने 15 अक्तूबर तक आवेदन मांगे हैं। यह पार्क 12 एकड़ में बना हुआ है।