- इकोविलेज-3 सोसाइटी में पानी का संकट हुआ गंभीर, निवासियों के पास 10 दिनों से भेजा जा रहा संदेश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ओवरहेड टैंक खाली हैं, शाम साढ़े चार बजे के बाद पानी की सप्लाई घरों में होगी। मेंटेनेंस प्रबंधन की ओर से यह संदेश ग्रेनो वेस्ट स्थित इकोविलेज-3 सोसाइटी के निवासियों के पास प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। सोसाइटीवासियों का आरोप है कि 10 दिनों से उन्हें पानी के लिए तपस्या करनी पड़ रही है। प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से सोसाइटी में अतिरिक्त पेयजल की सप्लाई के दावों के बीच निवासियों के घरों में पानी की बाल्टियां खाली हैं। आरोप है कि मेंटेनेंस की ओर से पल्ला झाड़ा जा रहा है। केवल संदेश भेज कर इति श्री की जा रही है।
निवासी राकेश ने बताया कि सोसाइटी में 10 दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। नियमित और पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने से रोजाना के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। प्राधिकरण की ओर से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में निवासियों के लिए अतिरिक्त पानी के टैंकरों की व्यवस्था कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि गांव से भी खराब स्थिति लोगों की हो गई है।
उन्होंने बताया कि सोसाइटी में 1800 से अधिक परिवार सुबह जल्दी उठकर पानी की बाल्टियों को भरने लग जाते हैं। यदि पानी का स्टोरेज सोसाइटी में नहीं किया जाएगा तो आपात स्थिति में भी लोगों को पानी भी नहीं मिल सकेगा। निवासी आरती ने बताया कि बच्चों की गर्मियों के अवकाश चल रहे हैं। यदि उनके भी स्कूल चल रहे होते तो सोसाइटी में पानी के लिए हाहाकार मच जाता। उन्होंने बताया कि निवासियों की समस्या को गंभीरता से अधिकारियों को लेना चाहिए।