अधिकारी बोले- जहां बच्चा डूबा वह निजी संपत्ति
मंदिर में पूजा का कार्यक्रम था, वहीं बच्चा गया
इस कार्यक्रम की भी प्रशासन को सूचना नहीं दी गई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। डीएम मेधा रूपम एक तरफ ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों को दलेलगढ़ में तालाब की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए पत्र लिखी हैं। वहीं प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह का कहना है कि यह तालाब तो निजी संपत्ति है।
इस तालाब का उपयोग भी मंदिर प्रशासन कर रहा है। जिस दिन बच्चे के डूबने की घटना हुई, उस दिन भी वहां पूजा का कार्यक्रम था। अब अगर आयोजन की सूचना दी होती तो अनहोनी होने से बचाई जा सकती थी। घटना के दूसरे दिन भी ग्रेनो प्राधिकरण अपनी जिम्मेदारी मानने से बचता रहा है। एक वीडियो जारी कर खुद जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने कहा कि खसरा 316 की जिस जमीन पर तालाब है, वह नवीन परती के साथ संयुक्त रूप रूप से नौबतराम, गंगाराम, धर्मवीर के नाम पर दर्ज है। ऐसे में इसे सरकारी संपत्ति नहीं कहा जा सकता है। यह निजी संपत्ति है। इस जमीन के पास ही एक मंदिर है। मंदिर प्रशासन ने अपनी सीढि़यां इस तालाब की तरफ बनाई हुई हैं। हमारी टीम मंदिर प्रशासन से भी मिली है। यह तालाब मंदिर के अपने उपयोग में है।
जीएम प्रोजेक्ट का कहना है कि दलेलगढ़ अधिसूचित क्षेत्र तक भले है लेकिन अभी यहां नियोजन नहीं हुआ है। यहां विकास कार्य भी अभी शुरू नहीं हुए हैं। जिस चिट्ठी का जिक्र किया गया है, वह सेक्टर-150 के हादसे के बाद वहां के प्रधान ने केवल सड़क किनारे के गड्ढों के खतरनाक होने के लिए लिखी थी। इन पर प्राधिकरण अस्थायी सुरक्षा उपाय भी करा रहा है जब तक स्थायी उपाय नहीं हो जाते।