- सीएचसी पर शुरू की गई एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल जांच, 1 अप्रैल से 79 मरीजों ने कराई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 1 अप्रैल 2026 से एलएफटी (लिवर फंक्शन टेस्ट), केएफटी (किडनी फंक्शन टेस्ट) और लिपिड प्रोफाइल जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। जांच सुविधा शुरू होने के बाद से जांच कराने के लिए मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। 1 अप्रैल से 13 मई तक करीब 79 मरीजों ने सीएचसी पर जांच कराई है।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल बेहद महत्वपूर्ण जांचें हैं। पहले इनकी सुविधा सीएचसी पर उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब जो भी मरीज स्वास्थ्य संबंधी समस्या लेकर सीएचसी पहुंचता है, उसे डॉक्टर स्थिति के अनुसार जांच लिखते हैं। अब तक हुई 79 जांचों में 34 एलएफटी, 27 केएफटी और 18 लिपिड प्रोफाइल की कराई गई हैं। अधीक्षक का कहना है कि अभी कई लोग इस बात से अनजान हैं कि सीएचसी पर ये जांचें उपलब्ध हैं। इसके लिए अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को जानकारी दी जा रही है।
अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि ये जांचें केवल उन्हीं मरीजों के लिए की जाती हैं जो सीएचसी पर एक रुपये की पर्ची बनवाकर डॉक्टर को दिखाते हैं। केवल मांग करने पर जांच नहीं की जाएगी।
-
- जांच मशीन पहले ही सीएचसी पर आ गई थी, लेकिन कुछ तकनीकी खराबी की वजह से मशीन का संचालन नहीं हो पाया था। 1 अप्रैल 2026 से मरीजों के लिए एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। -डॉ. सर्फे जेया, सीएचसी अधीक्षक, जेवर