सेक्टर-142 थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश। अमर उजाला
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-142 थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चेन लूटने की फिराक में घूम रहा बाइक सवार बदमाश पुलिस से मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में हुई है। आरोपी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में 15 चेन लूट चुका है। हाल ही में आरोपी ने नोएडा के सेक्टर-49 और साहिबाबाद थाना क्षेत्र में भी वारदात की थी। आरोपी का एक साथी भूरा भागने में कामयाब हो गया।
एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात सेक्टर-142 थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बाइक सवार दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने सेक्टर-90 कट के पास संदेह होने पर बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। आरोपी पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों को एफएनजी रोड पुश्ता के पास घेर लिया। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक और तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके साथी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।