युवक जब नाबालिग था तो बहन से करता था छेड़छाड़
विरोध पर आरोपी के बड़े भाई को मार दिया था चाकू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
रंजिश में एक नाबालिग ने कुणाल उर्फ बालू (19) को चाकू से 13 वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के कुछ ही देर बाद पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। कुणाल जब नाबालिग था तो उस पर आरोप लगा था कि उसने आरोपी की बहन से छेड़छाड़ की है। उस समय आरोपी के बड़े भाई ने विरोध किया तो कुणाल ने चाकू मार दिया था। इसके बाद से आरोपी कुणाल से रंजिश रखता था। मंगलवार रात को मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने वारदात अंजाम दे दी।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल परिवार के साथ टाइप-2, क्वार्टर, तिमारपुर में रहता था। कुणाल छोटा-मोटा काम करता था। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह फतेह सिंह रोड, सीपीडब्ल्यूडी ऑफिस के नजदीक मौजूद था। इस बीच आरोपी नाबालिग वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगी। नाबालिग ने अचानक जेब से चाकू निकाला और कुणाल की गर्दन, पेट, सीने, जांघ समेत शरीर के बाकी हिस्सों पर 13 वार कर दिए। पुलिस ने कुणाल को नजदीकी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि वारदात के बाद हत्या का मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों बाद आरोपी को दबोच लिया गया।