ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में ई-बस का न्यूनतम किराया 20 रुपये से घटाकर 10 रुपये किया जा सकता है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने अर्बन सर्विस विभाग को इसमें संशोधन करने के लिए कहा है। इसके लिए यूपीएसआरटीसी के साथ भी बैठक प्राधिकरण के अधिकारी करेंगे। इसके अलावा नए रूट का सर्वे भी शुरू होगा। इसमें उद्योगों से भी सलाह-मशवरा किया जाना है।
सीईओ का कहना है कि किराया इस तरह होना चाहिए कि अधिकतम लोग बस सेवा का उपयोग करें। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि 15 जून तक 25 बसें ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर चलती दिखाई देंगी। अभी चार रूट से शुरुआत हो रही है। इनको सर्वे के बाद बढ़ाया जाना है। जहां भी मांग रहेगी। वहां बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। अभी दूरी के आधार पर किराया 20, 30 और 50 रुपए रहेगा। एसी बसों में यात्रा लोगों को राहत भरा अनुभव होगा। बसों में मोबाइल चार्जिंग सुविधा, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। ग्रेटर नोएडा के कुछ चुनिंदा रूट पर इन बसों का सफल ट्रायल किया जा चुका है।
विधायक बोले, लंबे समय से थी मांग, अब पूरी
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के नागरिकों की लंबे समय से सिटी बस सेवा की मांग थी, जो आज पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीनों प्राधिकरणों एवं उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से यह संभव हो सका है। बसों की संख्या जरूरत के मुताबिक बढ़वाई भी जाएगी।
अभी इन रूट पर चलेंगी बसें
रूट नंबर-1 : 68 किमी, 23 स्टॉपेज
चार मूर्ति से डी मार्ट, बिसरख मोड, ऐस सिटी, खेड़ा चौगानपुर चौक, केंद्रीय भंडार निगम चौक, पुलिस लाइन, यामाहा कट, सूरजपुर टी पॉइंट, कलेक्ट्रेट, जगत फार्म, परी चौक, गौतमबुद्ध नगर यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर, खेड़ा मोड़ , फलैंदा, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक।
-
रूट नंबर-2 : 82 किमी, 32 स्टॉपेज
चार मूर्ति से डी मार्ट, बिसरख मोड़ , ऐस सिटी, खेड़ा चौगानपुर चौक, केंद्रीय भंडार निगम चौक, पुलिस लाइन, यामाहा कट, सूरजपुर टी पॉइंट, सूरजपुर पुलिस चौकी, देवला तिलपता रोटरी, पैरामाउंट गोल्फ मार्ट, मकौड़ा रोटरी, ओमिक्रोन- 3, ओमिक्रोन वन, सुपरटेक जार, सिरसा रोटरी, कासना, जिम्स हॉस्पिटल, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, गौड़ यमुना सिटी, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक।
-
रूट नंबर-3 : 55 किमी, 23 स्टॉपेज
मकौड़ा रोटरी से एटीएस डोल्से, गामा- 2, डीपीएस रोटरी, एलजी रोटरी, शारदा हॉस्पिटल, नासा पार्किंग, एक्सपो मार्ट, अंसल गोल्फ लिंक, पी-7 रोटरी, आम्रपाली, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर गौड़ यमुना सिटी, रौनीजा, रबूपुरा मोड़, फलैंदा कट, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक।
-
रूट नंबर-4 : 74 किमी, 27 स्टॉपेज
सेक्टर ईकोटेक 16, वैभव हेरीटेज सोसायटी, एक मूर्ति चौक, गैलेक्सी रोटरी, मिलक लच्छी, राजेश पायलट चौक, स्पर्श ग्लोबल स्कूल, तिलपता रोटरी, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे, मकौड़ा रोटरी, ओमिक्रोन-3 मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी , सेक्टर 36, ऐच्छर विलेज, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर/ गौड़ सिटी यमुना, रौनीजा, रामपुर मोड़ , फलैंदा कट, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए एयरपोर्ट/किशोरपुर।