लाडवा। गणेश दत्त को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं देते समर्थक। संवाद
कुरुक्षेत्र/ लाडवा। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बुधवार को जिला की मार्केट कमेटियों को चेयरमैन व वाइस चेयरमैन मिले हैं। इससे नियुक्त पदाधिकारियों व उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।
थानेसर मार्केट कमेटी में सुरेश कुमार को चेयरमैन व शशिकांत जैन को वाइस चेयरमैन बनाया गया है। सीएम सिटी लाडवा में डॉ गणेश दत्त को चेयरमैन व सुरेंद्र सिंघल को वाईस चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई है। शाहाबाद में करण राज तूर को चेयरमैन व त्रिलोचन हांडा को वाइस चेयरमैन, पिहोवा में तरणदीप वड़ैच को चेयरमैन व नंदलाल सिंगला को वाइस चेयरमैन बनाया गया है। इस्माईलाबाद में बलबीर राणा को चेयरमैन व नसीब सिंह को वाइस चेयरमैन, पिपली में सतीश रोड को चेयरमैन व अमीचंद को वाइस चेयरमैन वहीं बाबैन में जसविंद्र सैनी को चेयरमैन व जगदीश लाल को वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा के पुराने कार्यकर्ता है डॉ. गणेश दत्त
भाजपा के पुराने कर्मठ एवं वरिष्ठ नेता डॉक्टर गणेश दत्त को लाडवा मार्केट कमेटी का चेयरमैन बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया व अन्य स्रोतों से इसकी जानकारी मिली तो उनके प्रतिष्ठान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने डॉक्टर गणेश दत्त का मुंह मीठा करवा उन्हें बधाई दी। वहीं डॉ गणेश दत्त ने मुख्यमंत्री नायब सैनी व भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी व भाजपा नेतृत्व सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
डॉ गणेश दत्त पिछले लगभग 35 वर्षों से आरएसएस के सदस्य के रूप में काम करते आए हैं। वे बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रहे और बाद में सुशासन विभाग के सदस्य भी रहे। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में लाडवा से उनका नाम प्रमुखता से सूची में शामिल हुआ। इतना ही नही 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उनका नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन शीर्ष नेतृत्व द्वारा लाडवा से सीएम नायब सिंह सैनी को टिकट दिया था।