शिवपुर सहबाजगंज स्थित बाल सुधार गृह के अपचारी करते हैं अश्लील इशारे, पड़ोसी परेशान
बाल अपचारियों के गालीगलौज का वीडियो वायरल
पादरी बाजार (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के शिवपुर सहबाजगंज स्थित बाल सुधार गृह के आसपास रहने वाले लोग इन दिनों बेहद परेशान हैं। यहां बाल अपचारी अक्सर खिड़कियों से झांककर लोगों से गालीगलौज करते हैं और महिलाओं-लड़कियों को देखकर अश्लील इशारे कर रहे हैं। आसपास रहने वाले लोग छत पर जाने से भी कतराने लगे हैं। मोहल्लेवालों का कहना है कि बाल अपचारी लड़कियों को देखकर गाते हैं- शाम है धुआं-धुआं...।
बुधवार शाम इसी कॉलोनी के निवासी मोहित सिंह जब छत पर गए तो बाल अपचारियों ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गुलरिहा पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही स्थानीय लोग पहुंच गए और बाल सुधार गृह प्रशासन से लिखित शिकायत की। इस दौरान गालीगलौज करते हुए बाल अपचारियों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक साल पहले सूरजकुंड से यहां दो मंजिला बिल्डिंग में बाल सुधार गृह को शिफ्ट किया गया था। शुरुआत से ही लोगों ने इसका विरोध किया और उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की लेकिन यहां से हटाया नहीं गया।
पड़ोसियों का कहना है कि बाल अपचारी कई बार आपस में मारपीट कर चुके हैं। तेज आवाज में भोजपुरी अश्लील गाने बजाने, तेज आजाज में टीवी चलाने और सुधार गृह से भागने की कोशिश जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं। ताजा घटनाक्रम के बाद उत्तरी गेट के पास रहने वाले 8–10 परिवार परेशान हैं और उन्होंने पुलिस व बाल सुधार गृह प्रशासन से लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में बाल सुधार गृह के प्रभारी अधीक्षक संतोष कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही बाल अपचारियों को समझाया गया है।