संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी में दोस्त से मिलकर करनाल लौट रहे अकाउंट मैनेजर से चालक कंपनी की किराये पर ली कार लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना थाना फर्कपुर क्षेत्र के जोड़ियो में 10 अक्तूबर को हुई। इस दौरान मैनेजर लघुशंका करने उतरा तो चालक कार लेकर भाग गया। कार में कंपनी के 90-95 हजार रुपये व मैनेजर का लैपटॉप व पर्स था। मैनेजर की शिकायत पर फर्कपुर पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायत में राजस्थान के जिला सीकर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में अकाउंट मैनेजर है। अभी वह कंपनी के करनाल प्रोजेक्ट पर काम कर रही है है। कंपनी ने किराये पर बोलेरो कार ले रखी थी। इस कार से वह 10 अक्तूबर को करनाल से यमुनानगर के जगाधरी अपने दोस्त अनुराग से मिलने आया था। इस दौरान कार ड्राइवर भिवानी के गांव जैवती निवासी चालक सर्वजीत साथ था।
जगाधरी में अनुराग से मिलने के बाद करनाल लौट रहे थे, तब दोपहर करीब सवा एक बजे जुड़ियो पहुंचे। यहां उसने पेशाब करने के लिए कार रुकवाई। इस दौरान जैसे ही वह कार से उतरा तो चालक सर्वजीत कार को तेज रफ्तार में वहां से लेकर रफूचक्कर हो गया। कार में उसका एक लैपटॉप व दस्तावेज भरा पर्स और कंपनी के 90-95 हजार रुपये से भरा काले रंग का बैग था।
चालक सर्वजीत की काफी तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चला। उससे मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो पाया। तब उसके खिलाफ फर्कपुर पुलिस को चोरी के आरोप में शिकायत दी। जांच अधिकारी लाभ सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश की जा रही है।