ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज वन सोसाइटी के टावर सी-3 की एक लिफ्ट तीन दिन से खराब है। बार-बार शिकायत के बाद भी एजेंसी लिफ्ट को ठीक नहीं कर रही है। आरोप है कि बिल्डर भी कोई कदम नहीं उठा रहा है। ऐसे में 20 मंजिला टावर के निवासी परेशान हैं। मंगलवार को लोगों ने प्राधिकरण से शिकायत की है।
निवासियों ने बताया कि 23 अगस्त की सुबह से टावर की लिफ्ट खराब थी। शनिवार शाम को दूसरी लिफ्ट भी खराब हो गई जो रविवार सुबह 11 बजे तक खराब रही। मेंटेनेंस करने वाली कंपनी ने लिफ्ट को ठीक करने से मना कर दिया है। कंपनी का कहना है कि सोसाइटी का मेंटेनेंस देखने वाली कंपनी ग्रैविटी के साथ उनका करार था। अब कंपनी का सोसाइटी से करार खत्म हो गया है। वहीं, बिल्डर की तरफ से भी कोई मदद नहीं मिल रही है। अगर यही हाल रहा तो फिर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।