सेक्टर-36 के एक मकान में पकड़ा गया धर्मांतरण का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली के सेक्टर-36 के जिस मकान में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने का मामला पकड़ा गया, उसके मकान मालिक ने पुलिस से घर को किराये पर देने का दावा किया था, लेकिन जांच में वह पुलिस को किरायानामा नहीं दिखा सका। पुलिस ने मकान मालिक से किराये से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकाल रही है, ताकि किताब लाने वाली वैन के बारे में जानकारी निकाली जा सके।
बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने सेक्टर-36 के मकान नंबर बी-240 में धर्मांतरण का मामला पकड़ा था। यहां बच्चे और बड़ों को रुपये व अन्य लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस ने खुलासा कर जांच शुरू की है। पुलिस ने बताया कि मकान बीना एस्टर इब्राहिम और आनंद बारगेस इब्राहिम के नाम है। दोनों पति-पत्नी हैं। मकान से ईसाई धर्म की पुस्तकें और अन्य सामग्री भी बरामद की गई थी। जांच में पता चला कि यहां पांच साल से धर्मांतरण का खेल चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि मकान मालिक दंपती से पूछताछ की गई। दोनों ने मकान किराये पर देने का दावा किया है, लेकिन इसका किरायानामा नहीं दिखा सके हैं। दोनों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। दंपती से भी किराया मिलने के बारे में जानकारी मांगी है। वहीं धर्म से जुड़ी किताबें कहां से आ रहीं थीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से वैन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वैन से ही किताबें मकान तक पहुंच रहीं थी। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि जांच में काफी अहम तथ्य मिले हैं। उन पर जांच की जा रही है।