जीवांजलि कार्यक्रम में जया किशोरी करेंगी जीवन को सकारात्मक नजरिए से देखने पर संवाद
नोएडा। भागती जिंदगी, बढ़ते दबाव और बदलती परिस्थितियों के बीच कुछ पल ठहरकर खुद को समझने का अवसर शुक्रवार को नोएडा में मिलेगा। अमर उजाला की ओर से शाम पांच बजे सेक्टर-140 स्थित केरासा सेंट्रेड बिजनेस पार्क में ‘जीवांजलि : विचारों से बदलाव तक’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रख्यात कथावाचक एवं आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी इसमें लोगों से संवाद करेंगी।
कार्यक्रम में सकारात्मक सोच, जीवन-मूल्य, रिश्तों की संवेदनशीलता और बदलती परिस्थितियों के बीच स्वयं को संतुलित रखने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े इन विषयों के जरिए लोगों को आत्ममंथन और अपने विचारों को नए नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा।
‘जीवांजलि’ का उद्देश्य केवल प्रवचन तक सीमित नहीं है। कार्यक्रम के माध्यम से विचारों में सकारात्मक बदलाव और जीवन को देखने की बेहतर दृष्टि विकसित करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले श्रोताओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था रहेगी। केरासा ग्रुप कार्यक्रम के प्रस्तुति पार्टनर हैं।