-संवाद कार्यक्रम में बोले लोग, एक घंटे की जगह सिर्फ 30 मिनट हो रही पानी की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा की जगतपुरी कॉलोनी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां दिन हो या रात, जगतपुरी कॉलोनी में चोर और झपटमार बेखौफ घूम रहे हैं। कभी घरों से सामान गायब, तो कभी राह चलते लोगों के मोबाइल और चेन झपट लेते हैं। लोगों का कहना है कि शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। कॉलोनी में मच्छरों का आतंक बढ़ गया है, लेकिन नगर निगम की ओर से फॉगिंग नहीं की जा रही है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
रविवार को हुए संवाद कार्यक्रम में वेद प्रकाश सैनी, मुरारी लाल सक्सेना, योगेश कौशिक, राजीव शर्मा, कमल चौहान, विमल गुप्ता, विक्रम मिश्रा व अन्य लोगों ने बताया कि जगतपुरी कॉलोनी में चोरी की घटनाओं के बाद, जब लोग पुलिस से शिकायत करते हैं, तो पुलिसकर्मी पीड़ित को ही शिकायत न करने की सलाह देकर मामला टाल देते हैं। विधायक और निगम पार्षद के फंड से कॉलोनी की सभी 11 गलियों की सड़कें बननी थीं, लेकिन अब तक कुछ ही गलियों की मरम्मत की गई है, जबकि बाकी सड़कों की हालत बदतर बनी हुई है। जलापूर्ति की स्थिति भी बेहद खराब है। कई इलाकों में रात करीब 11:30 बजे पानी आता है, जबकि कुछ जगहों पर पानी आता ही नहीं। ऐसे में लोग पानी खरीदकर पीने मजबूर हैं।
-
लोगों से बातचीत
मंडोली रोड पर ई-रिक्शा का अतिक्रमण होने से नत्थू कॉलोनी से शाहदरा तक जाम लगा रहता है। ऐसे में लोगों को परेशानी होती है। -
विमल गुप्ता, संगठन सचिव
जीटीबी चौक पर चल रहा मोहल्ला क्लीनिक 15 दिन पहले बंद हो गया। ऐसे में बच्चे और बुजुर्गों को दवा नहीं मिल रही है।
-
वेद प्रकाश सैनी, अध्यक्ष
नगर निगम के कर्मचारी कॉलोनी के पास रेलवे लाइन के किनारे कई जगहों से कूड़ा लाकर डाल देते हैं। ऐसे में आसपास के लोगों दुर्गंध से परेशान है। साथ ही आवाजाही में परेशानी होती है।
-
राजीव शर्मा, महासचिव
नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास में पानी गिरता रहता है। ऐसे में पानी भर जाने से कई लोग गिर कर चोटिल हो जाते हैं।
-
कमल चौहान, सचिव