ओवरब्रिज पर बिना हेलमेट लगाए बाइक पर जाते युवक। संवाद
- फोटो : samvad
आज से जिले में यातायात माह का आरंभ हो रहा है। जागरूकता कार्यक्रमों के बावजूद लोग अपनी व दूसरों की जान से खेल रहे हैं। हेलमेट को सिर पर लगाने के बजाय हाथों में पकड़कर बैठते हैं, जिससे ट्रैफिक पुलिस नजर आए तो आनन-फानन हेलमेट पहन लें। यही गलती लोगों की जान की दुश्मन बनी हुई है। कुल मिलाकर सोच यही है कि ज्यादातर वाहन चालक हेलमेट का इस्तेमाल जान बचाने के बजाय पुलिस से बचने के लिए करते हैं।
केस-01
घर का छिन गया सहारा
दिवाली के एक दिन बाद नगला उम्मेद निवासी 32 वर्षीय बृजेश की 21 अक्तूबर की रात को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना के वक्त बृजेश सासनी से गांव लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी थी। सिर पर हेलमेट न होने के कारण सिर में गंभीर चोट आई। जब तक उन्हें अस्पताल लेकर आए, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। त्योहार पर परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया। पिता राजवीर ने भरे कंठ से कहा कि बृजेश के जाने से पूरा परिवार टूट चुका है। पत्नी व बच्चों का बुरा हाल है। एक वही था, जो घर का सहारा था। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कोशिश करें कि घर समय से व सुरक्षित पहुंचे। यह ध्यान रखें कि कोई उनका इंतजार कर रहा है, इसलिए हमेशा हेलमेट पहनें, हाथ में न रखें।
केस-2
गर्भवती पत्नी को छोड़ गया बेसहारा
दिवाली से एक दिन पहले 19 अक्तूबर की रात को मुरसान-सादाबाद मार्ग पर हुए सड़क हादसे ने आकाश के परिवार की खुशियां छीन लीं। इगलास के गांव सैवलपुर के रहने वाले आकाश दिवाली पर आगरा से घर लौट रहे थे। साथ में उनका मित्र कृष्ण राना भी था। बमनई के पास कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश के सिर में चोट आई। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। कृष्ण राना के भी सिर में चोट आई थी। भाई अरविंद ने बताया कि आकाश के जाने से घर सूना है। उनकी पत्नी गर्भवती हैं, जिन्हें उन्होंने बेसहारा छोड़ा है। अरविंद ने अपील की कि हेलमेट जरूर पहनें। हम भले ही सावधानी से सड़क पर चल रहे हैं, जरूरी नहीं सामने वाला भी उतना सतर्क हो।
हेलमेट पर रहेगा फोकस
अमर उजाला के हेलमेट है जरूरी, अभियान में अब पुलिस भी हेलमेट के प्रति लोगों को जागरूक करेगी। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि एक नवंबर से यातायात माह की शुरुआत हो रही है। इसमें लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। हेलमेट के प्रयोग पर विशेष जोर रहेगा।