चौखुटिया में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की मांग को धरने में बैठे लोग।
अल्मोड़ा। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने की मांग पर चौखुटिया के लोगों का उग्र आंदोलन देखते हुए अब स्वास्थ्य महकमे की नींद खुल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया के उच्चीकरण का प्रस्ताव बनाकर निदेशालय को भेज दिया गया है। चौखुटिया में लोगों के उग्र आंदोलन करने और जन आक्रोश को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अप्रैल माह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया के उच्चीकरण की घोषणा की थी। घोषणा के पांच महीने बाद 29 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग को घोषणा का पत्र मिला। घोषणा पत्र मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया के उप जिला चिकित्सालय के उच्चीकरण का प्रस्ताव तैयार किया।
इस प्रस्ताव को निदेशालय को भेज दिया गया है। उप जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोेग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्टों की भी नियुक्ति होगी। स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के बाद लोगों को बेहतर उपचार मिल पाएगा।